नशा मुक्त कोशी अभियान को बड़ी सफलता: एक सप्ताह में 1788 लीटर शराब और 84 तस्कर गिरफ्तार

सहरसा, सुपौल और मधेपुरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा, स्मैक और कोडिन सिरप समेत भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद; फरवरी 2026 से अब तक 2717 गिरफ्तार


सहरसा। कोशी क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “नशा मुक्त कोशी” अभियान के तहत पुलिस को लगातार बड़ी सफलता मिल रही है। सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत विगत एक सप्ताह में पुलिस ने 1788.35 लीटर अवैध शराब सहित भारी मात्रा में मादक पदार्थ और अन्य सामान बरामद किए हैं। इस दौरान कुल 84 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।


पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी), कोशी क्षेत्र, सहरसा कार्यालय से 7 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 31 अक्टूबर से 6 नवंबर 2026 तक की कार्रवाई में 1788.35 लीटर अवैध शराब, 52.104 किलोग्राम गांजा, 173.69 ग्राम स्मैक और 25.9 लीटर कोडिन सिरप बरामद किया गया। इसके अलावा एक देशी कट्टा, दो कारतूस, 18 मोटरसाइकिल, एक चारपहिया वाहन, छह मोबाइल और 1,81,220 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।


इस दौरान अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त 71 लोगों तथा सूखा नशा के कारोबार में शामिल 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

फरवरी से अब तक 2717 तस्कर गिरफ्तार


प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, फरवरी 2026 में अभियान की शुरुआत से अब तक कोशी क्षेत्र में कुल 86,050.298 लीटर अवैध शराब, 4,466.491 लीटर अवैध कफ सिरप, 8,254.794 किलोग्राम गांजा और 9,391.982 ग्राम स्मैक बरामद किया जा चुका है। इसके अलावा 13,202 एमएल नशीला इंजेक्शन, 325 नशीली टैबलेट, हथियार, कारतूस, वाहन, मोबाइल और नकदी भी जब्त की गई है। इस पूरी अवधि में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े कुल 2,717 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

हेल्पलाइन पर दें गुप्त सूचना, पहचान रहेगी गोपनीय

डीआईजी ने आम लोगों से नशे के अवैध कारोबार की सूचना हेल्पलाइन नंबर 9060384865 पर कॉल, मैसेज या व्हाट्सएप के माध्यम से देने की अपील की है। सूचना में कारोबारी का नाम, पता, कारोबार का स्थान तथा संभव हो तो फोटो और वीडियो भी उपलब्ध कराया जा सकता है।


पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। वहीं, जिनकी सूचना से विशेष उपलब्धि हासिल होगी, उन्हें डीआईजी कार्यालय की ओर से उचित रूप से पुरस्कृत भी किया जाएगा।



डीआईजी कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि कोशी क्षेत्र पुलिस नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है और इस अभियान में आम जनता का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।

Related Posts

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *