सहरसा के बटराहा में प्रभु टेंट हाउस के गोदाम में लगी भीषण आग, 20 लाख से अधिक का सामान जलकर राख होने का अनुमान

सहरसा। शहर के बटराहा वार्ड नंबर 34 स्थित शारदा नगर में सोमवार शाम प्रभु टेंट हाउस के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम से उठती ऊंची-ऊंची लपटों को देखकर आसपास के रिहायशी इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। आग में गोदाम में रखे टेंट के सामान जलकर राख हो गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक 20 लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने की आशंका है।


जानकारी के अनुसार, गोदाम के मालिक प्रभु नारायण सिंह पिछले करीब 10 वर्षों से टेंट लगाने का कारोबार कर रहे हैं। सोमवार को गोदाम में ताला लगा हुआ था और वे किसी काम से जिला मुख्यालय से बाहर थे। शाम करीब सात बजे उन्हें फोन पर गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें लगातार तेज होती गईं और देखते ही देखते पूरे गोदाम में फैल गईं।


इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही करीब आधे घंटे के अंदर 10 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि, गोदाम तक जाने वाली गली संकरी होने के कारण बड़ी दमकल गाड़ियां अंदर नहीं जा सकीं। अग्निशमन कर्मियों ने मुख्य सड़क से पाइप जोड़कर आग बुझाने का प्रयास किया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।


वार्ड नंबर 34 के पार्षद प्रतिनिधि सिंकू सिंह ने बताया कि आग की भयावहता को देखकर आसपास के रिहायशी इलाके में रहने वाले लोग काफी डरे हुए थे। वहीं, सहरसा अनुमंडल के अग्निशमन पदाधिकारी भगवान पासवान ने बताया कि आग बुझाने के लिए कुल 10 दमकल गाड़ियों को लगाया गया था।


आग लगने का कारण बिजली के शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद गोदाम मालिक प्रभु नारायण सिंह गहरे सदमे में हैं और फिलहाल नुकसान के संबंध में कुछ भी कहने से परहेज कर रहे हैं। वास्तविक नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Related Posts

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *