कहा- गठबंधन में आपसी तालमेल की कमी, नीतीश कुमार को साइडलाइन कर बीजेपी कर रही अपना प्रचार
सहरसा। छठ महापर्व के अवसर पर शहर के विभिन्न घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए बैनर-पोस्टर को लेकर सहरसा की सियासत गरमा गई है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश महासचिव सह जिला परिषद उपाध्यक्ष धीरेंद्र यादव ने एनडीए गठबंधन के नेताओं पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए गठबंधन की एकजुटता पर सवाल खड़े किए हैं।
धीरेंद्र यादव ने कहा कि सहरसा में छठ महापर्व को लेकर लगाए गए बैनर और पोस्टरों में केवल मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं। इनमें स्थानीय सांसद, विधायक और एनडीए के अन्य घटक दलों के वरिष्ठ नेताओं को जगह नहीं दी गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एनडीए पांच घटक दलों का गठबंधन है, तो पोस्टरों में केवल भाजपा के नेताओं को ही प्रमुखता क्यों दी जा रही है?
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने नीतीश कुमार को साइडलाइन कर दिया है और गठबंधन के भीतर आपसी तालमेल की भारी कमी है। उन्होंने एनडीए को गठबंधन के बजाय ‘लठबंधन’ बताते हुए कहा कि बाहर से भले ही सबकुछ ठीक होने का दावा किया जा रहा हो, लेकिन अंदरूनी स्तर पर बड़ी खटपट चल रही है।
राजद नेता ने बिहार सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बिहार की आर्थिक स्थिति खराब है और सरकार के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था भी पूरी तरह विफल हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि एनडीए में जल्द ही राजनीतिक उथल-पुथल देखने को मिल सकती है और गठबंधन कई टुकड़ों में बिखर सकता है।
धीरेंद्र यादव के इस बयान के बाद छठ के बैनर-पोस्टर को लेकर जिले में राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।





