सहरसा। लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को सहरसा के सप्त पोखरी सहित शहर के विभिन्न छठ घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। व्रतियों एवं श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्यदेव को संध्या अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। छठ घाटों पर चारों ओर भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला।
इस पावन अवसर पर कलेक्ट्रेट के सामने स्थित सप्त पोखरी परिसर में जिला प्रशासन एवं कला एवं संस्कृति विभाग के तत्वावधान में दो दिवसीय भास्कर महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर कोसी प्रमंडल के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष, जिलाधिकारी दीपेश कुमार, पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग, डीडीसी गौरव कुमार, अपर समाहर्ता निशांत कुमार, सदर एसडीएम श्रेयांश तिवारी समेत कई प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं पूर्व मंत्री डॉ. आलोक रंजन एवं सहरसा की मेयर बैन प्रिया ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
भास्कर महोत्सव के आयोजन से सप्त पोखरी परिसर में भक्तिमय एवं सांस्कृतिक माहौल बन गया। दो दिवसीय महोत्सव में बनारस से आए कलाकारों द्वारा शहनाई वादन की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा पूर्णिया, पटना एवं दरभंगा से आमंत्रित वाद्य कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
वहीं बिहार के प्रतिष्ठित गायकों के साथ स्थानीय कलाकार भी छठ महापर्व के पारंपरिक एवं भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे। इस आयोजन का उद्देश्य छठ की लोक परंपरा, आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना है। महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं एवं कला प्रेमियों में खासा उत्साह देखा गया।





