दीपावली-छठ पर सहरसा जंक्शन पर उमड़ेगी 50 हजार यात्रियों की भीड़, डीएम-एसपी ने लिया जायजा

सहरसा। दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ पर प्रवासी मजदूरों और यात्रियों की घर वापसी को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। त्योहार के दौरान सहरसा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए शनिवार को जिलाधिकारी दीपेश कुमार और पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने सहरसा जंक्शन परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा और यात्रियों की सुविधाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान डीएम दीपेश कुमार ने कहा कि दीपावली और छठ के मौके पर बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर अपने घर लौटते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशन पर विशेष साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है। स्टेशन प्रबंधन की ओर से बताया गया कि सहरसा जंक्शन पर प्रतिदिन करीब 50 हजार यात्रियों का आवागमन होता है। त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।


डीएम ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और जागरूकता के लिए स्टेशन परिसर से लेकर आसपास की सड़कों तक एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर बैनर और पोस्टर भी लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से छठ महापर्व से संबंधित गीत और आवश्यक संदेशों का प्रसारण किया जाएगा। प्रवासी मजदूरों के स्वागत और सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन के मुख्य द्वार सहित आसपास के प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग भी लगाई जाएंगी।


निरीक्षण के दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास फैली गंदगी और टिकट काउंटर के सामने रखे डस्टबिन की नियमित सफाई नहीं होने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्टेशन परिसर में प्रतिदिन समय पर साफ-सफाई कराई जाए और यात्रियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जाए।


वहीं, एसपी विक्रम सिहाग ने यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे। जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की जाएगी, ताकि भीड़ प्रबंधन के साथ किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Related Posts

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *