सहरसा। दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर सहरसा के बाजारों में त्योहारों की रौनक बढ़ने लगी है। शुक्रवार को शहर के विभिन्न बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। कपड़े, मिठाई, पूजा सामग्री, फल-फूल और त्योहार से जुड़ी अन्य वस्तुओं की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की चहल-पहल बनी रही।
शहर के मुख्य बाजार शंकर चौक पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य के कारण सड़क पर जगह कम होने से जाम की स्थिति बनी रही। इसके बावजूद लोग त्योहार की खरीदारी में जुटे रहे। बाजार में उमड़ी भीड़ के बीच लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुरली बसंतपुर निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि दीपावली और छठ को लेकर बाजार में खरीदारी करने आए हैं। त्योहार के कारण जरूरी सामान खरीदना पड़ रहा है, लेकिन महंगाई के चलते बजट बिगड़ रहा है।
वहीं, मिट्टी के दीये और पारंपरिक बर्तन बेचने वाले दुकानदारों की परेशानी भी सामने आई है। दुकानदारों का कहना है कि वे पिछले दो महीने से दीपावली के लिए मिट्टी के दीये तैयार कर रहे हैं, लेकिन चाइनीज झालरों और आकर्षक इलेक्ट्रॉनिक दीयों के बढ़ते चलन से मिट्टी के दीयों की बिक्री काफी कम हो गई है। इससे उनके सामने परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल हो रहा है।
छठ पूजा की खरीदारी करने पहुंचीं रीणा देवी ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार पूजा सामग्री काफी महंगी हो गई है। हालांकि पर्व करना जरूरी है, इसलिए महंगाई के बावजूद खरीदारी करनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि पिछले साल करीब 100 रुपये में मिलने वाला सूप का जोड़ा इस बार 150 रुपये से अधिक में बिक रहा है। अन्य पूजा सामग्रियों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है।
कुल मिलाकर सहरसा के बाजारों में त्योहारों का उत्साह चरम पर है, लेकिन बढ़ती महंगाई से आम खरीदारों का बजट बिगड़ रहा है। वहीं, पारंपरिक मिट्टी के दीये बनाने और बेचने वाले छोटे कारोबारियों के सामने बिक्री घटने से रोजी-रोटी का संकट गहराने लगा है।






