सहरसा के पंचवटी चौक पर अनूठी परंपरा: घर-घर चंदा नहीं, स्वेच्छा से सहयोग से लगता है 10 दिवसीय दुर्गा मेला


1981 में समाजसेवियों ने की थी पूजा की शुरुआत, पंचवटी चौक पर मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा होती है स्थापित

बिहार के सहरसा शहर के पंचवटी चौक पर मां दुर्गा की पूजा और भव्य मेले का आयोजन एक अनूठी परंपरा के साथ किया जाता है। यहां दुर्गा पूजा के लिए कमेटी के सदस्य घर-घर जाकर चंदा नहीं मांगते, बल्कि श्रद्धालु और स्थानीय लोग अपनी इच्छा से सहयोग राशि देते हैं। इसी स्वैच्छिक सहयोग के दम पर यहां 10 दिनों तक चलने वाले भव्य मेले का आयोजन किया जाता है।


पूजा समिति के संस्थापक रमेश चंद्र यादव ने बताया कि वर्ष 1981 में कमल नारायण झा, महानारायण लाल दास, प्रकाश चंद्र सहाय, प्रोफेसर सुशील झा, प्रमोद झा, दूरबिल मिश्र सहित कई समाजसेवियों ने मिलकर इस पूजा की शुरुआत की थी। उस समय उद्देश्य यह था कि महिलाओं को मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के लिए दूर-दराज के पूजा स्थलों पर नहीं जाना पड़े। इसी सोच के साथ पंचवटी चौक पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर मेले की शुरुआत की गई।


उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों से समिति ने घर-घर जाकर चंदा मांगने की परंपरा बंद कर दी है। अब लोग खुद आगे आकर अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार सहयोग राशि देते हैं। इससे समाज में आपसी सहयोग और धार्मिक आस्था की भावना मजबूत होती है।

प्रतिमा और सजावट पर होता है खर्च



रमेश चंद्र यादव के अनुसार, सुपौल के मूर्तिकार श्रीलाल मां दुर्गा की प्रतिमा लगभग 60 हजार रुपये में तैयार करते हैं। वहीं, पंडाल, टेंट और सजावट पर करीब दो लाख रुपये खर्च किए जाते हैं। स्थानीय लोगों के सहयोग से पूजा और मेले की भव्यता बनाए रखी जाती है।

छागर बलि की भी है परंपरा

पंचवटी चौक की दुर्गा पूजा अपनी एक खास परंपरा के लिए भी जानी जाती है। यहां छागर यानी बकरे की बलि देने की परंपरा चली आ रही है। आयोजकों के अनुसार, यह सहरसा शहर का एकमात्र पूजा स्थल है, जहां यह परंपरा निभाई जाती है।


इस तरह पंचवटी चौक की दुर्गा पूजा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और वर्षों पुरानी परंपरा का भी प्रतीक बनी हुई है।

Related Posts

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *