सहरसा। बिजली विभाग के कार्यालय में शनिवार को प्रीपेड मीटर में रिचार्ज के बावजूद बैलेंस माइनस होने और बिजली कटने की शिकायत लेकर दर्जनों उपभोक्ता पहुंचे। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की।
उपभोक्ताओं का कहना था कि प्रीपेड मीटर में रिचार्ज कराने के बाद भी अचानक बैलेंस माइनस में चला जा रहा है और बिजली आपूर्ति बंद हो रही है। सत्यम सिंह ने बताया कि उनके नाना पद्मानंद सिंह के प्रीपेड मीटर में शुक्रवार को 500 रुपये का रिचार्ज कराया गया था।

इसके बावजूद शनिवार सुबह बिजली कट गई और मीटर में 634 रुपये बकाया यानी माइनस बैलेंस दिखने लगा। शिकायत करने पर उन्हें री-कनेक्शन के लिए आवेदन देने को कहा गया। उनका आरोप है कि जमा की गई राशि वापस नहीं मिलने की बात भी कही गई।
वहीं, रंजन कुमार रवि ने बताया कि रात में उनके मीटर में 170 रुपये बैलेंस था, लेकिन शनिवार को अचानक बिजली कट गई और मीटर में 747 रुपये बकाया दिखने लगा। इसी तरह दर्जनों अन्य उपभोक्ताओं ने भी प्रीपेड मीटर में माइनस बैलेंस और बिजली कटने की शिकायत की।
उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
मामले में विद्युत कार्यपालक अभियंता अमित कुमार ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। सभी शिकायतें ली जा रही हैं और शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


