सहरसा। नगर निगम सहरसा के वार्ड नंबर-34 स्थित बटराहा पुरानी जेल के समीप नाला निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। एक पक्ष द्वारा नाला निर्माण पर आपत्ति जताते हुए काम रोकने की मांग किए जाने के बाद अब दूसरे पक्ष ने नगर आयुक्त को आवेदन देकर निर्माण कार्य जारी रखने की मांग की है।

नगर आयुक्त को दिए गए सहमति पत्र में अनिल कुमार यादुका, अरुण कुमार यादुका, राजेश कुमार पचेरिया और विकास कुमार पचेरिया ने कहा है कि वार्ड-34 में पुरानी जेल के निकट उनकी जमीन है। उन्होंने बताया कि नागरिक सुविधा, सड़क एवं नाला निर्माण के लिए करीब 20 फीट चौड़ाई में जगह छोड़ी गई है। आवेदकों का कहना है कि इस स्थान पर नाला निर्माण होने से भविष्य में जल निकासी की समस्या नहीं होगी।

आवेदकों के अनुसार, वार्ड पार्षद से भी कई बार नाला निर्माण कराने का अनुरोध किया गया था। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद रंजना सिंह, पति संजय कुमार सिंह द्वारा इसे निजी जमीन बताते हुए रोकने का प्रयास किए जाने की बात कही गई है। आवेदकों ने नगर आयुक्त से नाला निर्माण नहीं रोकने की मांग की है और कहा है कि निर्माण को लेकर उनकी पूर्ण सहमति है।
वहीं अनिल यादुका ने बताया कि उक्त जमीन को लेकर पूर्व में 14 लोगों द्वारा केवाला लिया गया है, जिसमें उनके परिवार के चार लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि एक वार्ड पार्षद संतोष सिन्हा के नाम से भी जमीन है, जिसका टैक्स नगर निगम में जमा किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नाला निर्माण का काम गलत तरीके से रोका जा रहा है। न्यायालय में मामला लंबित होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि न्यायालय का जो आदेश आएगा, उसका पालन किया जाएगा।
इधर, नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा ने बताया कि मामले की सूचना मिलने के बाद करीब चार दिन पूर्व ही नाला निर्माण का कार्य रुकवा दिया गया था। अब 13-14 लोगों ने मिलकर ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि सोमवार को स्थल का भौतिक निरीक्षण (फिजिकल जांच) कर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


