सहरसा। सदर थाना क्षेत्र के कायस्थ टोला में ट्रेजरी उपसमाहर्ता कार्यालय में चेकर के पद पर कार्यरत यशवंत कुमार सरोज के घर चोरी का मामला सामने आया है। उनकी पत्नी शिक्षिका ज्योति ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, 21 सितंबर 2026 की रात करीब 1:55 बजे एक चोर खिड़की तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुआ और चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। सुबह उठने पर खिड़की और अलमारी टूटी हुई मिली, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई।
परिजनों के अनुसार, घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक व्यक्ति घर के अंदर प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। फुटेज में मोबाइल फोन की रोशनी जलाकर चोरी करने की बात भी सामने आई है।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोर करीब 20 ग्राम सोना, सोने का सेट, सोने की अंगूठियां, कान के आभूषण, करीब पांच जोड़ी कान की बालियां, चांदी के पायल और बिछिया समेत अन्य जेवरात तथा करीब 40 से 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गया।
पीड़ित शिक्षिका ज्योति ने कहा कि उनके घर के आसपास बांसबाड़ी क्षेत्र में संदिग्ध किस्म के लोगों का जमावड़ा रहता है और पुलिस की गश्ती भी पर्याप्त नहीं है। उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में भी संज्ञान लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पीड़ित परिवार ने सदर थाना पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सदर थानाध्यक्ष अजय पासवान ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


