पत्रकार पर कथित हमले के विरोध में सहरसा में मशाल जुलूस, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

सहरसा। सदर अस्पताल में प्रभात खबर डिजिटल के पत्रकार अभिषेक कुमार के साथ कथित मारपीट एवं हमले के विरोध में बुधवार की शाम छात्र, युवा, पत्रकार एवं सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शहर में मशाल जुलूस निकालकर विरोध जताया। हाथों में जलती मशाल लेकर प्रदर्शनकारियों ने घटना में शामिल लोगों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।



मशाल जुलूस वीर कुंवर सिंह चौक से शुरू होकर डीबी रोड स्थित जिला परिषद मार्केट तक पहुंचा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले में जल्द कार्रवाई की मांग को लेकर नारे लगाए।


प्रदर्शनकारियों के अनुसार, वासुदेवा स्कूल के एमडीएम में छिपकली मिलने की खबर के संकलन के दौरान पत्रकार अभिषेक कुमार सदर अस्पताल पहुंचे थे, जहां उनके साथ कथित मारपीट की घटना हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने का दावा करते हुए प्रदर्शनकारियों ने कहा कि घटना के कई दिन बाद भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से पत्रकारों एवं सामाजिक संगठनों में नाराजगी है।


मामले को लेकर जिलाधिकारी, वरीय अधिकारियों तथा जिले के प्रभारी मंत्री सह शिक्षा मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग किए जाने की बात भी कही गई। प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई तथा पीड़ित पत्रकार को न्याय दिलाने की मांग की।



युवा कांग्रेस नेता मनीष कुमार ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और पत्रकार के साथ हिंसा स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए गंभीर विषय है। उन्होंने मामले में तत्काल निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।


वामपंथी नेता शंकर कुमार ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। युवा नेता सोहन झा ने भी पत्रकारों की सुरक्षा और मामले में पारदर्शी जांच की मांग की।


अभाविप नेता एवं एमएलटी कॉलेज छात्र संघ अध्यक्ष सागर कुमार नन्हे ने कहा कि पत्रकार पर कथित हमले के मामले में जल्द कार्रवाई होनी चाहिए। मिथिला स्टूडेंट यूनियन के नेता कौशल क्रांतिकारी ने कहा कि कार्रवाई से आम लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास कायम होगा।



युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष नीरज कुमार निराला एवं मोहम्मद जाबिर ने आरोप लगाया कि पत्रकार अभिषेक कुमार लगातार जनसमस्याओं और अस्पताल से जुड़े मुद्दों को सामने ला रहे थे। उन्होंने घटना की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।



समाजसेवी रौशन झा आजाद ने भी पत्रकार पर कथित हमले की निंदा करते हुए मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो पत्रकार के समर्थन में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।



मशाल जुलूस में युवा कांग्रेस नेता विक्रम यादव, बिपिन यादव, जदयू नेता प्रवीण कुमार, अभय यादव, कुमोद कुमार, राजन यादव, सुशील यादव, वीरेंद्र कुमार, मुकेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Related Posts

सहरसा में सेवानिवृत्त हेडमास्टर ने पड़ोसी पर लगाया धमकी और घर में पानी बहाने का आरोप, डीआईजी व हाईकोर्ट रजिस्ट्रार जनरल से लगाई गुहार

सहरसा में सेवानिवृत्त हेडमास्टर ने पड़ोसी पर लगाया धमकी और घर में पानी बहाने का आरोप, डीआईजी व हाईकोर्ट रजिस्ट्रार जनरल से लगाई गुहार

सहरसा में मेयर बैन प्रिया ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, चुनाव आयोग पर विपक्ष के आरोपों को बताया तथ्यहीन और भ्रामक

सहरसा में मेयर बैन प्रिया ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, चुनाव आयोग पर विपक्ष के आरोपों को बताया तथ्यहीन और भ्रामक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *