सहरसा: सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 4 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजा सोनवर्षा के वार्ड नंबर-7 निवासी शिवा सादा के 4 वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, सत्यम दो बच्चों में बड़ा था। उसके बाद एक लड़की है। मृतक के दादा उमेश सादा ने बताया कि बच्चे की मां धान के खेत में घास लेने गई थी। इसी दौरान दोनों बच्चे भी पीछे-पीछे खेत की ओर चले गए। इसी क्रम में सत्यम पानी से भरे गड्ढे में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना सोनवर्षा राज थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।


