ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्रों का तिरंगा मार्च, प्रशिक्षण, मानदेय और पंचायत चुनाव में जिम्मेदारी की उठाई मांग

सहरसा। बिहार ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्र संगठन ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को पंचायत राज विभाग एवं आयुक्त कार्यालय के समक्ष तिरंगा मार्च निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष एवं जिला सचिव सिकंदर पासवान के नेतृत्व में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्रों को विभागीय आदेश के अनुरूप प्रशिक्षण देने, आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित करने तथा आगामी पंचायत चुनाव 2026-27 में पंचायत स्तर पर जिम्मेदारी सौंपने की मांग की गई।



ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्र वर्षों से प्रशासन के साथ मिलकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, रात्रि गश्ती, राष्ट्रीय पर्व एवं धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ-साथ बाढ़, भूकंप, आगजनी जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। इसके बावजूद अब तक उन्हें नियमित प्रशिक्षण और स्थायी व्यवस्था का लाभ नहीं मिल सका है।



संगठन ने पंचायत राज विभाग के 24 फरवरी 2026 के विभागीय आदेश संख्या-3582 का हवाला देते हुए मांग की कि सभी ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्रों को प्रखंड स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाए। साथ ही उन्हें आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित कर विभिन्न आपदाओं में प्रभावी ढंग से कार्य करने का अवसर उपलब्ध कराया जाए।



ज्ञापन में ग्राम रक्षा दल के सदस्यों के मानदेय और स्थायीकरण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। संगठन का कहना है कि आगामी पंचायत चुनाव 2026-27 में पंचायत स्तर पर सुरक्षा एवं प्रशासनिक कार्यों में ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्रों की सेवाएं ली जाएं, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।



संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष एवं जिला सचिव सिकंदर पासवान ने आरोप लगाया कि पूर्व में पंचायत राज मंत्री रहे वर्तमान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक सरकार और पंचायत राज विभाग की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।



इस अवसर पर प्रदेश सचिव वजरंग कुमार सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्र बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Related Posts

सहरसा में करंट लगने से दुकानदार की दर्दनाक मौत, मोटर का कनेक्शन देते समय हुआ हादसा

सहरसा में करंट लगने से दुकानदार की दर्दनाक मौत, मोटर का कनेक्शन देते समय हुआ हादसा

सहरसा में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से किसान की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

सहरसा में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से किसान की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *