समाहरणालय गेट पर सघन वाहन जांच अभियान, 50 हजार से अधिक का कटा चालान

सहरसा। समाहरणालय मुख्य द्वार पर शुक्रवार को परिवहन विभाग द्वारा विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले तथा बिना सीट बेल्ट चार पहिया वाहन चलाने वाले दर्जनों वाहन चालकों का चालान काटा गया। जांच अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।



जिला परिवहन पदाधिकारी सुजीत कुमार वर्णवाल ने बताया कि जिला पदाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार से “नो व्हीकल डे” की शुरुआत की गई है। इसके तहत समाहरणालय में कार्यरत कर्मियों को निजी वाहन के उपयोग से बचने तथा ईंधन की बचत करने के लिए प्रेरित किया गया है। इसी अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से समाहरणालय गेट पर वाहन जांच अभियान चलाया गया।



उन्होंने बताया कि जांच के दौरान सभी प्रकार के वाहनों की जांच की गई। बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले एवं बिना सीट बेल्ट चार पहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। मौके पर ही ई-चालान काटा गया तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।



डीटीओ ने बताया कि अभियान के दौरान 50 हजार रुपये से अधिक का चालान वसूला गया। उन्होंने कहा कि नियमों के पालन में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। सरकारी कर्मी, पुलिस विभाग के कर्मचारी, समाहरणालय कर्मी अथवा आम लोग, सभी पर समान रूप से कार्रवाई की गई है।



इस दौरान वार्ड पार्षद राजा मिश्रा का भी बिना हेलमेट वाहन चलाने पर चालान काटा गया। उन्होंने कहा कि यह प्रशासन की अच्छी पहल है और इससे लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।



वहीं कोर्ट के अधिवक्ता आशीर्वाद सिंह ने बताया कि उनका एक हजार रुपये का चालान काटा गया। उन्होंने भी इस अभियान को सराहनीय बताते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान जरूरी हैं।


परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से पूरे दिन समाहरणालय परिसर के आसपास वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। डीटीओ ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग बेहद जरूरी है तथा आगे भी इस तरह का अभियान लगातार चलाया जाएगा।

Related Posts

सहरसा में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से किसान की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

सहरसा में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से किसान की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

सहरसा सदर थाना का एसपी विक्रम सिहाग ने किया निरीक्षण, लंबित कांडों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

सहरसा सदर थाना का एसपी विक्रम सिहाग ने किया निरीक्षण, लंबित कांडों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *