सहरसा में प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के विभिन्न इलाकों में एक साथ छापेमारी की। औषधि निरीक्षक (डीआई), सदर थाना पुलिस तथा उत्पाद एवं मद्यनिषेध विभाग की संयुक्त टीम ने सराही, शंकर चौक और होटल कोसी निवास मार्केट सहित कुल पांच मेडिकल दुकानों की जांच की।
छापेमारी के दौरान टीम ने दवा दुकानों के स्टॉक, खरीद-बिक्री के दस्तावेज और लाइसेंस की गहन जांच की। कार्रवाई के दौरान एक दुकान से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित एवं संदिग्ध दवाएं बरामद की गईं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार, संदिग्ध युवकों से पूछताछ में मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। औषधि निरीक्षक द्वारा बरामद दवाओं की जांच कराई गई, जिसमें कई दवाएं एनडीपीएस एक्ट के दायरे में पाई गईं। इसके बाद संबंधित आरोपियों के
खिलाफ सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कहरा प्रखंड कल्याण पदाधिकारी निखिल मिश्रा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में नशीली और प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
बताया जा रहा है कि शंकर चौक स्थित होटल कोसी निवास के नीचे संचालित कई मेडिकल एजेंसियों और दवा दुकानों पर भी पुलिस ने एक साथ रेड की। प्रशासन को सूचना मिली थी कि कुछ दुकानों से अवैध रूप से नशीली दवाओं की खुलेआम बिक्री की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने व्यापक जांच अभियान चलाया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।






