सहरसा। बिहार के सहरसा में विभागीय लापरवाही और निर्माण कार्य में देरी का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। अंबेडकर चौक से बैंगहा होते हुए कहरा कुटी चौक तक सड़क निर्माण के नाम पर पुरानी सड़क को उखाड़कर छोड़ दिया गया है।

करीब दो महीने से सड़क की जर्जर स्थिति के कारण राहगीरों, वाहन चालकों, स्थानीय दुकानदारों और आसपास के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर उड़ती धूल और असमतल सतह के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई वाहन चालक सड़क पर चोटिल हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों और दुकानदारों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण कार्य तत्काल शुरू नहीं करना था, तो पर्व-त्योहार के बाद काम शुरू कराया जाना चाहिए था। त्योहार के समय सड़क की बदहाल स्थिति से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है।
करीब 14 करोड़ की लागत से होना है निर्माण
जानकारी के अनुसार, बाबा की कुटी चौक (एनएच-107) से भीमराव अंबेडकर चौक, बैंगहा के रास्ते जाने वाली लगभग 3.775 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण एवं चौड़ीकरण किया जाना है। सड़क की चौड़ाई पहले करीब 3.5 से 3.57 मीटर थी, जिसे बढ़ाकर सात मीटर किया जाना प्रस्तावित है। निर्माण कार्य में जीएसबी, डब्ल्यूएमएम और बिटुमिनस सहित अन्य कार्य किए जाने हैं। इस परियोजना पर करीब 14 करोड़ रुपये खर्च होने की जानकारी दी गई है।
इस सड़क का शिलान्यास पांच अक्टूबर 2025 को तत्कालीन बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के मंत्री नितिन नवीन द्वारा किया गया था। कार्यक्रम में सांसद दिनेश चंद्र यादव, पूर्व विधायक आलोक रंजन, एमएलसी अजय कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
मशीन खराब होने से बाधित था काम

निर्माण कार्य में देरी को लेकर संबंधित अधिकारी गणेश दास ने बताया कि स्क्रैपिंग मशीन खराब हो जाने के कारण काम बाधित हो गया था। उन्होंने आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण कार्य अगले छह महीने के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
वहीं, सड़क निर्माण के बाद भी कुछ स्थानों पर पोल शिफ्टिंग नहीं होने के सवाल पर अधिकारी ने कहा कि पोल शिफ्टिंग का काम भी जल्द पूरा करा लिया जाएगा।
लोगों ने जल्द काम पूरा कराने की मांग की
सड़क उखाड़कर छोड़ दिए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में देरी के कारण रोजाना आवागमन करने वालों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। धूल से दुकानदारों और राहगीरों को दिक्कत हो रही है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों के लिए सड़क पर चलना जोखिम भरा बना हुआ है।
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग अपने आश्वासन के अनुसार निर्माण कार्य में तेजी लाता है या लोगों को अगले कई महीनों तक इसी परेशानी से जूझना पड़ेगा।






