परिजनों ने मौत की निष्पक्ष जांच और एक लाख रुपये सरकारी सहायता देने की मांग की
बिहार के सहरसा जिले के एक मजदूर की तमिलनाडु में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार की शाम तमिलनाडु से सरकारी एंबुलेंस के जरिए शव सहरसा स्थित उसके घर पहुंचा। शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
मृतक की पहचान सहरसा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 स्थित रामफल शाह टोला निवासी सदन मोहन प्रसाद सिंह के 40 वर्षीय पुत्र बबलू सिन्हा के रूप में हुई है। बबलू परिवार में दो भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके परिवार में 13 वर्षीय बेटा और दो साल की बेटी है। वहीं, उसकी पत्नी मीरा देवी आठ महीने की गर्भवती हैं। पति की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक के चाचा गणेश ने बताया कि बबलू करीब दो महीने पहले मजदूरी करने के लिए तमिलनाडु गया था। बीते 25 अक्टूबर को वहां की पुलिस ने फोन कर परिजनों को उसकी मौत की सूचना दी। पुलिस की ओर से बताया गया कि मजदूरी के दौरान छत से गिरने के कारण उसकी मौत हुई है।
हालांकि, परिजनों ने मौत की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा होना चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
परिजनों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की सरकारी आर्थिक सहायता देने की मांग भी की है। उनका कहना है कि बबलू परिवार का सहारा था। उसकी मौत से गर्भवती पत्नी, छोटे बच्चों और अन्य परिजनों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
फिलहाल, परिजन मौत की निष्पक्ष जांच और परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।






