जमुई। 10वीं कक्षा की छात्रा से बदसलूकी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी नंदन यादव को मुठभेड़ के दौरान गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी मरवा पहाड़ी इलाके में छिपा हुआ था। पुलिस टीम द्वारा पकड़ने की कोशिश के दौरान वह भागने लगा, जिसके बाद पुलिस ने उसके बाएं पैर में गोली मार दी। घायल आरोपी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में लाल गमछा पहने युवक की पहचान नंदन यादव के रूप में की गई है। मामले में पुलिस अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें तीन नाबालिग बताए जा रहे हैं। वीडियो वायरल करने के आरोपी रामाशीष चौधरी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि घटना 19 सितंबर की शाम करीब सात बजे की है। दो 10वीं कक्षा के छात्र ट्यूशन पढ़ने के बाद मरवा पहाड़ी इलाके से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनके साथ कथित तौर पर बदसलूकी की घटना हुई। पुलिस मामले की जांच और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है।


