सहरसा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के कई दर्जनों छात्र सोमवार को हॉस्टल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जिला पदाधिकारी से शिकायत करने समाहरणालय पहुंचे। छात्रों ने समाहरणालय गेट पर जिला पदाधिकारी को रोककर आवेदन सौंपा और हॉस्टल में भोजन की व्यवस्था की जांच कराकर समस्या का समाधान कराने की मांग की।
छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता ठीक नहीं है। इस संबंध में पूर्व में भी कई बार कॉलेज प्रशासन और प्रधानाचार्य से शिकायत की गई, लेकिन छात्रों के अनुसार समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। छात्रों ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उन्हें कथित रूप से प्रताड़ित किया जाता है और कई बार कॉलेज से निष्कासित करने की धमकी भी दी जाती है।
छात्रों ने बताया कि वे अपनी समस्याओं को लेकर कई बार कॉलेज प्रशासन के समक्ष अपनी बात रख चुके हैं। जब वहां से समाधान नहीं हुआ तो उन्होंने जिला प्रशासन से शिकायत करने का निर्णय लिया। समाहरणालय पहुंचने के बाद छात्रों ने एक-एक कर लाइन में लगकर डीएम से मुलाकात की और अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
छात्रों ने जिला पदाधिकारी से हॉस्टल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और पूरी व्यवस्था की जांच कराने की मांग की। साथ ही शिकायत करने वाले छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, यह सुनिश्चित करने की भी अपील की।
बताया जा रहा है कि कॉलेज की व्यवस्थाओं को लेकर पहले भी शिकायतें जिला प्रशासन तक पहुंच चुकी हैं। हालांकि, छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों पर कॉलेज प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


