सहरसा में दुकान खोलने के विवाद में पिता-पुत्र पर हमला, दोनों गंभीर रूप से घायल

बनगांव रोड पर दो पक्षों के बीच जमकर हुई मारपीट, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज

सहरसा। शहर के बनगांव रोड पर शनिवार की रात दुकान खोलने को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। इस घटना में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायलों की पहचान नगर निगम के वार्ड संख्या-42 अंतर्गत कहरा निवासी मोहम्मद नूर इस्लाम (61) और उनके पुत्र मोहम्मद शमीम (26) के रूप में हुई है।


घायल शमीम ने बताया कि करीब चार महीने पहले उन्होंने बनगांव रोड में रॉयल कॉर्नर बिरयानी के नाम से दुकान खोली थी। उनकी दुकान के सामने पिछले सात वर्षों से लाइबा बिरयानी की दुकान संचालित है। आरोप है कि नई दुकान खुलने के बाद से ही लाइबा बिरयानी के संचालक मो. हामिम, मो. नाजुक और मो. मौसम के साथ विवाद चल रहा था।


शमीम के मुताबिक, शनिवार रात करीब नौ बजे मो. हामिम उनकी दुकान पर पहुंचे और एग रोल मांगा। एग रोल नहीं देने की बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।


शमीम का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके और उनके पिता पर रॉड समेत अन्य चीजों से हमला कर दिया। इस घटना में दोनों के सिर और हाथ में चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. जमालुद्दीन ने दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई है। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है।


इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी विवाद को लेकर मारपीट हुई है। पुलिस को मामले की जानकारी मिली है और मामले की जांच की जा रही है।

Related Posts

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *