सहरसा। लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। छठ के पहले दिन कद्दू-भात खाने की पारंपरिक परंपरा को लेकर बाजार में कद्दू की मांग बढ़ गई है। वहीं, मांग के मुकाबले आपूर्ति कम होने के कारण इस बार कद्दू की कीमतों में काफी उछाल आया है। सहरसा के सब्जी मंडी में कद्दू 80 से 100 रुपये तक बिक रहा है।
सब्जी विक्रेता मोहम्मद जुबेर ने बताया कि वे कद्दू 100 रुपये में बेच रहे हैं। इस बार सहरसा के आसपास के इलाकों में कद्दू की पैदावार कम हुई है। ऐसे में समस्तीपुर और दलसिंहसराय से कद्दू मंगाया जा रहा है। स्थानीय उत्पादन कम होने और मांग अधिक रहने के कारण कीमतों में बढ़ोतरी हुई है।
वहीं, नया बाजार निवासी लक्ष्मीकांत ने बताया कि छठ के पहले दिन कद्दू-भात खाने की पौराणिक मान्यता है। इसी परंपरा के तहत वे कद्दू खरीदने बाजार पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साल जहां कद्दू 40 से 50 रुपये में मिल रहा था, वहीं इस बार इसकी कीमत 80 से 100 रुपये तक पहुंच गई है। यानी पिछले साल की तुलना में कीमत लगभग दोगुनी हो गई है। हालांकि पर्व की परंपरा निभाने के लिए महंगे दाम पर भी कद्दू खरीदना मजबूरी है।
सब्जी के थोक विक्रेता राजू चौधरी ने बताया कि स्थानीय स्तर पर कद्दू की पैदावार कम होने के कारण समस्तीपुर से कद्दू मंगाना पड़ रहा है। बाहर से आपूर्ति होने और मांग बढ़ने की वजह से कीमतों में इजाफा हुआ है।
छठ पर्व के पहले दिन कद्दू-भात की परंपरा के बीच महंगाई ने आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।






