सहरसा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी दीपेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत मत्स्यगंधा घाट से की गई। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों की साफ-सफाई, रंग-रोगन, बैरिकेडिंग, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बताया कि इस बार छठ घाटों पर बेहतर व्यवस्था की गई है। घाटों की साफ-सफाई और रंग-रोगन का कार्य कराया जा रहा है। मत्स्यगंधा में नवनिर्मित घाट पर भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। यहां पानी की गहराई लगभग ढाई से तीन फीट होने के कारण बैरिकेडिंग कराई गई है, ताकि श्रद्धालु निर्धारित सीमा से आगे नहीं जाएं और किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
उन्होंने बताया कि छठ के अवसर पर कलेक्ट्रेट के सामने सात पोखरिया में भी भास्कर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। 15 एवं 16 नवंबर को सुबह 4 से 6 बजे तथा शाम 3 से 6 बजे तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव से छठ का माहौल और भक्तिमय बनेगा।
इसके अलावा बस्ती पोखर, मोसोमात पोखर और शंकर चौक पोखर सहित अन्य घाटों का भी निरीक्षण किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश घाटों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जहां कुछ कार्य शेष हैं, उन्हें शनिवार तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने विधि-व्यवस्था को लेकर बताया कि छठ पर्व के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और विभिन्न स्थानों पर पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। सभी प्रमुख छठ घाटों पर पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट की तैनाती रहेगी। जिन घाटों पर श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ उमड़ने की संभावना है, वहां विशेष रूप से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी लगातार भ्रमणशील रहेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो और छठ महापर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।
इस अवसर पर जिला प्रशासन ने समस्त जिलावासियों को छठ महापर्व के प्रथम अनुष्ठान नहाय-खाय की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।






