24 नवंबर को सभी जिलों में होगा कार्यक्रम, कार्यकर्ताओं से सीएम नीतीश कुमार के 20 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने की अपील
सहरसा। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की ओर से आगामी 24 नवंबर को बिहार के सभी जिलों में आयोजित होने वाले ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री एवं जदयू की वरिष्ठ नेत्री लेशी सिंह मंगलवार को सहरसा पहुंचीं। कार्यक्रम की प्रदेश मुख्य संयोजक मंत्री लेशी सिंह ने पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 वर्षों के कार्यकाल में बिहार में हुए विकास कार्यों, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना है।
मंत्री लेशी सिंह ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पंचायती राज संस्थाओं एवं नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण, सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण तथा जीविका के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।
उन्होंने छात्राओं के लिए साइकिल एवं पोशाक योजना, सड़क-पुल निर्माण, हर घर बिजली, हर घर नल का जल, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था, जल-जीवन-हरियाली और सात निश्चय जैसी योजनाओं को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि सभी लोग एकजुट होकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं तथा 24 नवंबर के कार्यक्रम को सफल बनाएं।
वहीं, जदयू में टूट की चर्चाओं को मंत्री लेशी सिंह ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पहले भी सरकार काम कर रही थी और आज भी उनके मार्गदर्शन में सरकार काम कर रही है। पार्टी पूरी तरह एकजुट है और उनके नेतृत्व में आगे भी मजबूती से काम करती रहेगी।
वहीं, राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री को लेकर दिए गए बयान से संबंधित सवाल पर मंत्री ने कहा कि उन्होंने अभी इस खबर को नहीं देखा है। खबर देखने के बाद ही इस पर अपनी प्रतिक्रिया देंगी।






