बाल विवाह के खिलाफ एकजुट हुए लोग, बुनियाद केंद्र में दिलाई गई शपथ

लैंगिक समानता को बढ़ावा देने और बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प

सहरसा।  जेंडर इक्वालिटी एवं बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत शनिवार को बुनियाद केंद्र, कहरा सदर, सहरसा में बाल विवाह उन्मूलन को लेकर जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ वीमेन कार्यालय, सहरसा एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), सहरसा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।


कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह के दुष्परिणामों, बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं उनके सुरक्षित भविष्य के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पारा विधिक स्वयंसेवकों (PLV) एवं अधिवक्ताओं ने बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास को गंभीर रूप से प्रभावित करता है।


वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। समय रहते इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को देना और लोगों को जागरूक करना बेहद जरूरी है।


इस अवसर पर उपस्थित आंगनबाड़ी सेविकाओं, महिला पर्यवेक्षिकाओं, DLSA के पारा विधिक स्वयंसेवकों एवं अधिवक्ताओं सहित सभी प्रतिभागियों को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि न तो बाल विवाह करेंगे और न ही अपने आसपास बाल विवाह होने देंगे। साथ ही परिवार एवं समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाएंगे।


कार्यक्रम का प्रबंधन जिला मिशन समन्वयक, जिला हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ वीमेन, सहरसा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि लैंगिक समानता और बाल विवाह मुक्त समाज का निर्माण सामूहिक प्रयासों एवं सामाजिक जागरूकता से ही संभव है।

Related Posts

12 दिसंबर को सहरसा व्यवहार न्यायालय परिसर में लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, आपसी सहमति से होगा मामलों का निपटारा

12 दिसंबर को सहरसा व्यवहार न्यायालय परिसर में लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, आपसी सहमति से होगा मामलों का निपटारा

1.72 करोड़ रुपये में समस्तीपुर के संजय कुमार ने लिया रक्तकाली चौषठ महायोगिनी मेला का टेंडर

1.72 करोड़ रुपये में समस्तीपुर के संजय कुमार ने लिया रक्तकाली चौषठ महायोगिनी मेला का टेंडर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *