नीतीश संवाद नहीं, नीतीश सरकार चाहिए’, आनंद मोहन ने प्रशांत किशोर के बयान पर किया पलटवार


नएच-327ई पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी से 190 दिनों में 187 दुर्घटनाएं, 39 लोगों की मौत; डीएम से मिलकर उठाई सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग

पूर्व सांसद आनंद मोहन सोमवार को सहरसा कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने भारतमाला परियोजना के तहत निर्मित एनएच-327ई पर यातायात सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर जिलाधिकारी के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने एनएचएआई पर ट्रैफिक प्रोटोकॉल का पालन किए बिना सड़क निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की।


इस दौरान उन्होंने बताया कि सहरसा जिले में पूरीख तुनियाही से बनगांव तक एनएच पर आवागमन शुरू होने के महज 190 दिनों के भीतर 187 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं। इन हादसों में अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल होकर दिव्यांग हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इतनी कम अवधि में दुर्घटनाओं और मौतों का यह आंकड़ा बेहद चिंताजनक है। इसका प्रमुख कारण सड़क निर्माण के दौरान यातायात सुरक्षा मानकों और एनएचएआई के ट्रैफिक प्रोटोकॉल की अनदेखी है।


आनंद मोहन ने तुलसीयाही, बेला, आजाद चौक, नवहट्टा मोड़, पंचगछिया पीएचसी जाने वाली सड़क, धर्म मोड़, सहल चौक और बनगांव चौक सहित कई दुर्घटनाप्रवण स्थानों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एनएच आबादी और आवासीय क्षेत्रों से होकर गुजरता है। पटोरी बाजार 10 पंचायतों का प्रमुख बाजार है, लेकिन वहां भी टी-अंडरपास, फुट ओवरब्रिज और यू-टर्न जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।


उन्होंने कहा कि सड़क के दोनों ओर रहने वाले लोगों को स्कूल, अस्पताल, थाना, रेलवे स्टेशन और डाकघर जाने के लिए एनएच पार करना पड़ता है। सुरक्षित क्रॉसिंग की व्यवस्था नहीं होने से लोग लगातार दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।


उन्होंने नवहट्टा और आजाद चौक पर अंडरपास, पटोरी स्थित महादेव मंदिर के समीप अस्पताल जाने वाले रास्ते पर फुट ओवरब्रिज तथा पूरीख से बनगांव तक आवश्यक स्थानों पर यू-टर्न और जेब्रा क्रॉसिंग बनाने की मांग की।


वहीं, प्रशांत किशोर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आनंद मोहन ने कहा कि इस विषय पर प्रशांत किशोर से ही बात कीजिए, यहां जदयू के लोग हैं। उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा, **”मैं एक बात जरूर कहूंगा, नीतीश संवाद नहीं, नीतीश सरकार चाहिए।”** उनके इस बयान को प्रशांत किशोर के बयान पर पलटवार के तौर पर देखा जा रहा है।

Related Posts

12 दिसंबर को सहरसा व्यवहार न्यायालय परिसर में लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, आपसी सहमति से होगा मामलों का निपटारा

12 दिसंबर को सहरसा व्यवहार न्यायालय परिसर में लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, आपसी सहमति से होगा मामलों का निपटारा

1.72 करोड़ रुपये में समस्तीपुर के संजय कुमार ने लिया रक्तकाली चौषठ महायोगिनी मेला का टेंडर

1.72 करोड़ रुपये में समस्तीपुर के संजय कुमार ने लिया रक्तकाली चौषठ महायोगिनी मेला का टेंडर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *