सहरसा। बिहार के सहरसा जिले में बैजनाथपुर-सोनवर्षा राज मुख्य मार्ग पर सौरबाजार थाना क्षेत्र के अगजेबा पंचायत सरकार भवन के समीप एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बाइक और सीएनजी ऑटो को बचाने के चक्कर में गिट्टी से लदा एक ट्रक सड़क किनारे पलट गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक सोनवर्षा राज से सौरबाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान अगजेबा के समीप सामने से आ रही बाइक और सीएनजी ऑटो को बचाने के प्रयास में चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया, जिससे गिट्टी लदा ट्रक पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रक चालक वाहन के अंदर फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिसका इलाज चल रहा है।
ट्रक पलटने से उसके कई पार्ट-पुर्जे टूटकर सड़क पर बिखर गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर थोड़ी सी भी चूक होती तो यह हादसा बड़े जानलेवा सड़क हादसे में तब्दील हो सकता था।
फिलहाल घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





