उग्रतारा महोत्सव में खाली कुर्सियों ने खोली व्यवस्था की पोल, मंच से भड़के विधायक संजय कुमार सिंह

स्थानीय कलाकारों और कारोबारियों की अनदेखी पर लोगों में नाराजगी, प्रचार-प्रसार की कमी और मंदिर की सजावट नहीं होने पर भी उठाए सवाल

सहरसा। महिषी के राजकमल क्रीड़ा मैदान में श्री उग्रतारा सांस्कृतिक महोत्सव-2026 का उद्घाटन समारोह कई सवालों के बीच संपन्न हुआ। एक ओर महोत्सव को भव्य बनाने की तैयारी की गई, वहीं दूसरी ओर कार्यक्रम स्थल पर खाली पड़ी कुर्सियों ने आयोजन की व्यवस्था और प्रचार-प्रसार की हकीकत सामने ला दी। दर्शकों की कम उपस्थिति देखकर सिमरी बख्तियारपुर के लोजपा (रामविलास) विधायक संजय कुमार सिंह मंच से ही नाराज हो गए और जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए।


महोत्सव का उद्घाटन बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के हाथों होना था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से उनके नहीं पहुंचने के बाद अन्य अतिथियों की मौजूदगी में कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सादा, विधायक संजय कुमार सिंह, कोसी प्रक्षेत्र के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष एवं जिलाधिकारी दीपेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।


विधायक संजय कुमार सिंह ने कहा कि बिहार सरकार इस आयोजन पर 30 लाख रुपये से अधिक खर्च कर रही है, लेकिन कार्यक्रम में आम लोगों की भागीदारी नहीं के बराबर दिख रही है। उन्होंने कहा कि केवल दीप प्रज्ज्वलित कर सरकारी औपचारिकता पूरी करना महोत्सव का उद्देश्य नहीं होना चाहिए। आयोजन तभी सार्थक होगा, जब स्थानीय लोग इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद उठाएं। इतनी राशि खर्च कर बड़े कलाकारों को बुलाया गया है, लेकिन उन्हें सुनने के लिए दर्शक ही मौजूद नहीं हैं। खाली कुर्सियां देखकर उन्हें काफी दुख हो रहा है।


विधायक ने मां उग्रतारा मंदिर की सजावट नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिस मां उग्रतारा के नाम पर तीन दिवसीय महोत्सव आयोजित किया जा रहा है, उसी मंदिर को सजाने-संवारने की व्यवस्था नहीं की गई। मंदिर दर्शन के दौरान यह स्थिति देखकर उन्हें निराशा हुई।


लोकल फॉर वोकल पर भी उठे सवाल


महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को पर्याप्त अवसर नहीं मिलने तथा पंडाल निर्माण, टेंट और अन्य आवश्यक सामग्रियों में स्थानीय कारोबारियों की भागीदारी नहीं होने को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि सरकार एक तरफ लोकल फॉर वोकल के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं और कारोबारियों को बढ़ावा देने की बात करती है, वहीं ऐसे आयोजनों में स्थानीय लोगों को अपेक्षित अवसर नहीं मिलना चिंता का विषय है। यदि स्थानीय कलाकारों और व्यवसायियों को प्राथमिकता दी जाती तो इससे क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती।


विधायक ने जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि इस वर्ष आयोजन में जो कमियां रह गई हैं, उन्हें अगले साल दोहराया नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष महोत्सव की तैयारियों और प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी वे स्वयं लेंगे तथा इसकी मॉनिटरिंग करेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने आम लोगों से भी महोत्सव में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की।


कुल मिलाकर, श्री उग्रतारा महोत्सव के उद्घाटन के साथ ही खाली कुर्सियों, स्थानीय कलाकारों की भागीदारी, प्रचार-प्रसार और मंदिर की सजावट जैसे मुद्दे चर्चा के केंद्र में आ गए।

Related Posts

बाइक और सीएनजी ऑटो को बचाने के चक्कर में गिट्टी लदा ट्रक पलटा, बाल-बाल बचा चालक

बाइक और सीएनजी ऑटो को बचाने के चक्कर में गिट्टी लदा ट्रक पलटा, बाल-बाल बचा चालक

सोनबरसा राज में 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, गांव में पसरा मातम

सोनबरसा राज में 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, गांव में पसरा मातम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *