सहरसा। जिले के महिषी प्रखंड अंतर्गत पसंतवार पंचायत के लक्ष्मीपुर धोरे सफेदा गाछी, वार्ड संख्या-05 में विकास के दावों की पोल खोलती तस्वीर सामने आई है। आजादी के दशकों बाद भी यहां के ग्रामीण पिपरा नदी पर एक अदद पक्के पुल के लिए तरस रहे हैं। करीब 70 वर्षों से पुल निर्माण की मांग पूरी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
ग्रामीणों का कहना है कि पिपरा नदी पर पुल नहीं होने के कारण उन्हें रोजमर्रा के कामकाज, शिक्षा और आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। चुनाव के समय जनप्रतिनिधि विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही उनकी समस्याओं को भुला दिया जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार, नदी पर पुल बन जाने से जिला मुख्यालय तक पहुंचने की दूरी कम होगी और आवागमन सुगम हो जाएगा। साथ ही नजदीक स्थित सूरज कंधा मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी काफी राहत मिलेगी।
सबसे चिंताजनक स्थिति बच्चों की शिक्षा को लेकर है। ग्रामीणों के मुताबिक, इलाके में करीब दो हजार महादलित परिवार रहते हैं। नदी पार करने में होने वाली परेशानी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। नजदीक में हाई स्कूल और कॉलेज होने के बावजूद विद्यार्थियों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से अविलंब पिपरा नदी पर पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि करीब सात दशक पुरानी इस मांग पर प्रशासन कब तक संज्ञान लेता है और ग्रामीणों को पुल की सौगात मिल पाती है।





