1.72 करोड़ रुपये में समस्तीपुर के संजय कुमार ने लिया रक्तकाली चौषठ महायोगिनी मेला का टेंडर

पिछले साल 96.51 लाख में हुआ था टेंडर, इस बार छह संवेदकों ने लगाई बोली; 1 दिसंबर से 15 फरवरी तक पटेल मैदान में लगेगा मेला, चार धाम यात्रा होगी मुख्य आकर्षण

सहरसा। शहर के पटेल मैदान में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध रक्तकाली चौषठ महायोगिनी मेला का टेंडर सोमवार को 1 करोड़ 72 लाख रुपये में फाइनल हुआ। समस्तीपुर के संवेदक संजय कुमार ने सबसे ऊंची बोली लगाकर इस बार मेले का ठेका अपने नाम कर लिया। जिला विकास भवन में डीडीसी गौरव कुमार की अध्यक्षता में टेंडर की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान सदर एसडीएम श्रेयांश तिवारी, नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


सदर एसडीएम श्रेयांश तिवारी ने बताया कि पिछले वर्ष इस मेले का टेंडर 96 लाख 51 हजार रुपये में हुआ था, जबकि इस बार टेंडर की राशि बढ़कर 1 करोड़ 72 लाख रुपये पहुंच गई। टेंडर प्रक्रिया में कुल छह संवेदकों ने हिस्सा लिया। सभी की मौजूदगी में पिछले वर्ष की निर्धारित राशि से बोली शुरू की गई। इसके बाद लगातार बोली बढ़ती गई और अंत में समस्तीपुर के संजय कुमार ने सबसे अधिक 1 करोड़ 72 लाख रुपये की बोली लगाकर टेंडर हासिल कर लिया।


उन्होंने बताया कि पटेल मैदान में 1 दिसंबर से 15 फरवरी तक मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में दुकान, झूले और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने वालों को संबंधित विभागों से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) लेना अनिवार्य होगा। सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।


वहीं, टेंडर लेने वाले संजय कुमार ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष भी पटेल मैदान में महायोगिनी मेला का आयोजन किया था। इस बार अधिक राशि की बोली लगाकर टेंडर हासिल किया है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष मेले में वैष्णो देवी की गुफा आकर्षण का केंद्र रही थी, जबकि इस बार श्रद्धालुओं और दर्शकों को मेले में ही चार धाम यात्रा का अनुभव कराने की तैयारी है। इसके अलावा मौत का कुआं, आकर्षक झूले और बच्चों के मनोरंजन के लिए कई विशेष इंतजाम किए जाएंगे।


इस बार मेले की बढ़ी हुई टेंडर राशि और नए आकर्षणों को देखते हुए लोगों में मेले को लेकर उत्सुकता बढ़ने की उम्मीद है।

Related Posts

12 दिसंबर को सहरसा व्यवहार न्यायालय परिसर में लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, आपसी सहमति से होगा मामलों का निपटारा

12 दिसंबर को सहरसा व्यवहार न्यायालय परिसर में लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, आपसी सहमति से होगा मामलों का निपटारा

नीतीश संवाद नहीं, नीतीश सरकार चाहिए’, आनंद मोहन ने प्रशांत किशोर के बयान पर किया पलटवार

नीतीश संवाद नहीं, नीतीश सरकार चाहिए’, आनंद मोहन ने प्रशांत किशोर के बयान पर किया पलटवार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *