उद्योगपति के निजी समारोह में लोजपा (रामविलास) के प्रदेश महासचिव श्याम कुमार भारती के साथ मारपीट, वीडियो वायरल

सांसद राजेश वर्मा और विधायक संजय कुमार सिंह की मौजूदगी में हुआ विवाद, पार्टी में 15 वर्षों से अधिक काम करने के बावजूद पद से वंचित रखने का लगाया आरोप**


**सहरसा।** सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर इलाके में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश महासचिव श्याम कुमार भारती के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। एक उद्योगपति के निजी समारोह के दौरान हुए इस विवाद का वीडियो सोमवार की रात सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।


श्याम कुमार भारती के अनुसार, सिमरी बख्तियारपुर के उद्योगपति सुशील जायसवाल के आवास पर सोमवार की रात एक निजी समारोह आयोजित किया गया था। इसमें खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजेश वर्मा और सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय कुमार सिंह भी शामिल होने पहुंचे थे। पार्टी के सांसद और विधायक की मौजूदगी के कारण वह भी समारोह में शामिल हुए थे।


उन्होंने बताया कि भोज के बाद जब सांसद राजेश वर्मा और विधायक संजय कुमार सिंह एक जगह बैठे थे, तब वह उनसे मिलने पहुंचे। इस दौरान सांसद ने पार्टी के विस्तार और संगठन को मजबूत बनाने में उनके योगदान की सराहना की।

इसी क्रम में उन्होंने सांसद के समक्ष अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि वह 15 वर्षों से अधिक समय से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें उचित सम्मान और जिम्मेदारी नहीं मिली। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सहरसा जिले के अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष पद से भी उन्हें हटा दिया गया।


श्याम कुमार भारती का आरोप है कि उनकी बात सुनते ही विधायक संजय कुमार सिंह नाराज हो गए और उनके साथ तीखी बहस करने लगे। इसके बाद वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें बाहर ले जाने की बात कही। उनका आरोप है कि समारोह स्थल से बाहर निकलते ही कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया और मारपीट की। किसी तरह जान बचाकर वह वहां से निकले।



श्याम कुमार भारती ने दावा किया है कि मारपीट की घटना का वीडियो उनके पास मौजूद है और समारोह स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी पूरी घटना कैद हुई है।


फिलहाल इस मामले में दूसरे पक्ष की प्रतिक्रिया और पुलिस की आधिकारिक पुष्टि सामने आना बाकी है। घटना को लेकर इलाके में राजनीतिक चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Related Posts

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *