कपड़ा बेचने निकला था युवक, साथी ने फोन कर दी थी पुल से नदी में गिरने की सूचना; पुलिस जांच में जुटी
सहरसा। जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर फेकराही के समीप कोशी नदी में एक 21 वर्षीय युवक का शव तैरता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान सुपौल जिले के सिमराहा बाजार, वार्ड नंबर 4 निवासी बिट्टू कुमार (21), पिता मिथिलेश दास के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मोहनपुर पंचायत के उपसरपंच कलीमुल्लाह ने कोशी नदी में शव मिलने की सूचना नवहट्टा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला।
वहीं, मृतक के पिता मिथिलेश दास ने बताया कि उनका बेटा एक अन्य व्यक्ति के साथ कपड़ा बेचने के लिए निकला था। इसी दौरान उसके साथी ने फोन कर जानकारी दी कि बिट्टू पुल से नदी में गिर गया है। इसके बाद परिजन उसकी तलाश और जानकारी जुटाने में लगे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बेटे का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी है।
युवक किन परिस्थितियों में नदी में गिरा और उसकी मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।






