सहरसा। बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक निर्वाचन के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर सहरसा जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को जिले के 13 मतदान केंद्रों पर वोटिंग होगी। मतदान सुबह 7:30 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगा। जिले में कुल 11,498 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
गुरुवार को स्थानीय प्रेक्षागृह में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी दीपेश कुमार की उपस्थिति में मतदान कर्मियों को बैलेट बॉक्स एवं निर्वाचन से संबंधित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। इस दौरान मतदान कर्मियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदान संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
चुनाव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी दीपेश कुमार और पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
वहीं, पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर निर्धारित मानकों के अनुसार पुलिस बल और जोनल पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। संबंधित थाना प्रभारियों और एसडीपीओ को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया गया है।
इसके अलावा, सभी संबंधित अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए कम्युनिकेशन प्लान भी साझा किया गया है, ताकि मतदान के दौरान किसी भी तरह की समस्या होने पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि चुनाव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।






