सहरसा। विजयादशमी के अवसर पर सहरसा कॉलेज मैदान में बुधवार की शाम रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार 65 फीट ऊंचे रावण के साथ 55-55 फीट के मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतले आकर्षण का केंद्र होंगे।
सुपौल जिले के बसबिट्टी गांव निवासी विकास कुमार के नेतृत्व में छह कारीगरों ने महज 12 दिनों में तीनों पुतलों को तैयार किया है। पुतलों को आकर्षक रूप देने के साथ उनमें आतिशबाजी की भी व्यवस्था की गई है।
आयोजन समिति के अनुसार, रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों में करीब 56 हजार रुपये के पटाखे लगाए जाएंगे। रावण दहन के दौरान आतिशबाजी के बीच बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाएगा।
विजयादशमी को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। रावण दहन कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के सहरसा कॉलेज मैदान पहुंचने की उम्मीद है। कार्यक्रम को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
वहीं, महिषी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी देवनारायण यादव उर्फ नूनू यादव ने भी विजयादशमी के अवसर पर बुराई पर अच्छाई की जीत के संदेश को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि रावण दहन हमें अहंकार, अन्याय और बुराइयों को त्यागकर सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।






