महिला विद्यार्थियों से कथित यौन दुर्व्यवहार के मामले में कांग्रेस नेतृत्व से जवाबदेही की मांग, महिला सम्मान के मुद्दे पर जताया विरोध
सहरसा। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से जुड़े कथित यौन दुर्व्यवहार प्रकरण को लेकर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहरसा जिला इकाई ने कांग्रेस के विरुद्ध आक्रोश मार्च निकाला। जिलाध्यक्ष साजन शर्मा एवं महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुगामनी देवी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं और महिला सदस्यों ने थाना चौक से मार्च शुरू कर वीर कुंवर सिंह चौक तक पहुंचे। यहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध जताया गया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महिला विद्यार्थियों के सम्मान, सुरक्षा और न्याय का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस नेतृत्व से मामले में स्पष्ट जवाब देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े गंभीर आरोपों पर राजनीतिक दलों को निष्पक्ष रुख अपनाना चाहिए और अपने नेताओं से जुड़े मामलों में भी जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा ने आरोप लगाया कि मणिपुर से कांग्रेस सांसद डॉ. आंगोमचा बिमोल अकोइजाम से जुड़े जेएनयू प्रकरण में छात्राओं ने परीक्षा में अंक बढ़ाने के बदले कथित यौन शोषण की शिकायत की है। उन्होंने दावा किया कि शिकायतों के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित प्राध्यापक को निलंबित किया है। शर्मा ने कांग्रेस नेतृत्व से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की और कहा कि महिला सम्मान के मुद्दे पर दोहरा मापदंड नहीं होना चाहिए।
भाजपा की पूर्व प्रदेश महामंत्री लाजवंती झा ने कहा कि महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार का दोहरा मापदंड स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से प्रकरण पर अपना स्पष्ट पक्ष रखने की मांग की।
वहीं, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुगामनी देवी ने कहा कि महिलाओं का सम्मान भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों का अभिन्न अंग है। महिला सम्मान केवल राजनीतिक भाषणों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि नेताओं के आचरण में भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के लिए आवाज उठाना जरूरी है।
आक्रोश मार्च एवं पुतला दहन कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष मदन प्रसाद चौधरी, माधव जी, डॉ. शिलेंद्र कुमार, जिला महामंत्री शिव भूषण सिंह, जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन साह, मनोज यादव, मिहिर झा, रिंकी देवी, विजय वसंत, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुरजीत सिंह कुशवाहा, नगर अध्यक्ष अभिनव सिंह, आशीष गुप्ता, सुमित कुमार बिट्टू सहित भाजपा के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। महिला मोर्चा की राम प्रभा सिंह, सजनी देवी, ममता रानी, पूजा देवी, पूनम कुमारी, सरिता देवी और कंचन देवी समेत बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।






