सहरसा। कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच कोसी पूर्वी तटबंध के बाहरी इलाके में कई जगह सीपेज दिखाई देने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि पूर्वी तटबंध के 79.55 एवं 79.20 स्पर के आसपास तटबंध के नीचे बाहरी इलाके में सीपेज के जरिए पानी निकल रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ स्थानों पर जमीन के नीचे से पानी निकलने के साथ आसपास लगे हैंडपंपों से भी पानी आने की स्थिति सामने आई है। सीपेज की सूचना मिलने के बाद आपदा प्रबंधन और जल संसाधन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कार्य शुरू किया।
विभागीय टीम प्रभावित स्थानों का निरीक्षण कर रही है तथा सीपेज को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। तटबंध के बाहरी इलाके में इस तरह पानी निकलने की सूचना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। हालांकि, फिलहाल किसी बड़े नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीम मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।


