सहरसा। पुलिस मुख्यालय के निर्देश के आलोक में कोशी क्षेत्र के तीनों जिलों में शैक्षणिक संस्थानों के 500 मीटर के दायरे को ‘ड्रग फ्री जोन’ बनाने को लेकर शुक्रवार को पुलिस उप महानिरीक्षक, कोशी क्षेत्र, सहरसा के कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षण संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री, भंडारण और सेवन पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निर्देश के अनुसार जिले में प्राथमिक, माध्यमिक, निजी विद्यालयों सहित सरकारी एवं निजी उच्चतर शिक्षण संस्थानों की संख्या चिन्हित की जाएगी। इसके बाद सभी शिक्षण संस्थानों के आसपास संचालित दुकानों एवं प्रतिष्ठानों का सत्यापन कराया जाएगा।
शैक्षणिक संस्थानों के 500 मीटर के दायरे में नशीले पदार्थों की बिक्री, वितरण, भंडारण या सेवन की शिकायत अथवा उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पदाधिकारियों द्वारा शिक्षण संस्थानों में जाकर महिला हेल्प डेस्क, पुलिस दीदी, नशा मुक्ति और साइबर अपराध से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
बैठक का उद्देश्य मादक पदार्थों के सेवन से जुड़े अपराधों की रोकथाम के साथ महिलाओं एवं बाल अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि शिक्षण संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री, भंडारण, सेवन अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या संबंधित विभाग को दें। अपराध की रोकथाम में पुलिस एवं प्रशासन के साथ प्रत्येक नागरिक की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।


