सहरसा: सदर थाना क्षेत्र में 5 अगस्त 2026 की रात हुई गृहभेदन की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 18 ग्राम सोना और 1.44 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
इस संबंध में सदर थाना कांड संख्या-943/26, दिनांक 05-08-2026 दर्ज कर अनुसंधान किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की गहन जांच की। सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई, जिसके बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेंद्र यादव, पिता- सुखदेव यादव, निवासी रामविशनपुर पैरी, थाना राघोपुर, जिला सहरसा तथा अनिल कुमार, पिता- मधुकेश, निवासी वनवाड़ी, थाना संभौला, जिला सोलापुर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से 18 ग्राम सोना एवं 1.44 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में सदर थाना पुलिस की टीम, पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।


