बिहार के सहरसा जिले के नवहट्टा प्रखंड से डॉल्फिन के शिकार से जुड़े मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आपको बता दें कि बीते कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में एक मछुआरे के जाल में डॉल्फिन फंसने की बात कही जा रही थी। वायरल वीडियो में डॉल्फिन का तेल निकालने की बात भी सामने आ रही थी, जिसके बाद वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्रवाई शुरू की।
फॉरेस्ट रेंजर ऑफिसर के नेतृत्व में वनपाल अब्दुल सलाम की अगुवाई तथा वनरक्षी राजेश कुमार, अभिमन्यु कुमार, नीरज कुमार, कुंदन कुमार, राकेश ऋषिदेव सहित अन्य वनकर्मियों द्वारा लगातार गश्ती की जा रही थी।
इसी क्रम में 24 अगस्त की संध्या दरहार पंचायत क्षेत्र से मामले में संलिप्त बताए जा रहे आरोपी को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को 25 अगस्त को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।
वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद डॉल्फिन शिकार मामले में आगे की जांच जारी है।


