सहरसा में ठेकेदार को दिनदहाड़े मारी गोली, अवैध शराब के विरोध और सूचना देने के आरोप में हमला;  जांच में जुटी पुलिस

सहरसा शहर के पशुपालन कॉलोनी वार्ड संख्या-12 में शनिवार की शाम हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सरकारी भवनों के संवेदक (ठेकेदार) दिनेश प्रसाद यादव (54 वर्ष) को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल सहरसा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


घायल की पहचान नगर निगम वार्ड संख्या-12 निवासी दिनेश प्रसाद यादव के रूप में हुई है। उनके पुत्र हरितेश (रितेश) कुमार ने बताया कि शनिवार शाम करीब 6:30 बजे उत्पाद विभाग की टीम ने पशुपालन कॉलोनी में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी की थी। छापेमारी के बाद टीम वहां से चली गई।



हरितेश ने बताया कि उनके घर के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगा है। आरोप है कि इसके बाद पड़ोस के रोशन कुमार ने उनके परिवार पर उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना देने और वीडियो बनाकर भेजने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर आरोपी अपने साथियों के साथ उनके घर पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी।



परिजनों के अनुसार, जब दिनेश प्रसाद यादव बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके दाहिने हाथ के बाजू में लगी। गोली लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजन उन्हें तुरंत सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।



घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।


सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। वहीं सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है, जिसमें एक व्यक्ति को गोली लगी है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Related Posts

सहरसा में करंट लगने से दुकानदार की दर्दनाक मौत, मोटर का कनेक्शन देते समय हुआ हादसा

सहरसा में करंट लगने से दुकानदार की दर्दनाक मौत, मोटर का कनेक्शन देते समय हुआ हादसा

सहरसा में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से किसान की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

सहरसा में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से किसान की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *