कोशी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) के नेतृत्व में चलाए जा रहे “नशा मुक्त कोशी” अभियान को लगातार सफलता मिल रही है। अभियान के तहत आम जनता का सहयोग भी लगातार बढ़ रहा है। डीआईजी कार्यालय द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 9060384865 पर बड़ी संख्या में लोग नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी सूचनाएं दे रहे हैं, जिन पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और मोबाइल नंबर पूरी तरह गोपनीय रखा जाता है।
डीआईजी कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, 18 जुलाई से 24 जुलाई 2026 के बीच अभियान के तहत पुलिस ने 2345.03 लीटर अवैध शराब, 49.15 किलोग्राम गांजा, 1396.45 ग्राम स्मैक, 0.3 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप, 2 देशी कट्टा, 23 मोटरसाइकिल, 4 चारपहिया वाहन, 7 मोबाइल फोन, 4 इलेक्ट्रिक तराजू तथा 19,920 रुपये नकद बरामद किए हैं।
इस दौरान अवैध शराब के मामलों में 49 तथा सूखा नशा (गांजा एवं स्मैक) के मामलों में 39 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस द्वारा इनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, फरवरी 2026 में अभियान शुरू होने के बाद से अब तक 53,608.305 लीटर अवैध शराब, 2,355.27 लीटर अवैध कफ सिरप, 4,027.666 किलोग्राम गांजा, 5,840.042 ग्राम स्मैक, 8,198 एमएल नशीला इंजेक्शन, 325 नशीली गोलियां, 2 विदेशी पिस्टल, 5 देशी कट्टा, 1 देशी मस्केट, 3 मैगजीन, 16 कारतूस, 24 मोबाइल, 10 चारपहिया वाहन, 1 नाव, 1 ट्रक, 1 पासबुक, 1 एटीएम कार्ड, 1 लोहे की भट्ठी, 4 इलेक्ट्रिक तराजू, 53,53,544 रुपये भारतीय मुद्रा तथा 27,570 रुपये नेपाली मुद्रा बरामद की गई है। इस अवधि में कुल 1505 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
डीआईजी कार्यालय ने आम लोगों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना हेल्पलाइन 9060384865 पर कॉल, मैसेज या व्हाट्सएप के माध्यम से दें। यदि संभव हो तो संबंधित व्यक्ति का नाम, पता, स्थान के साथ फोटो या वीडियो भी साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा महत्वपूर्ण सूचना देने वालों को पुलिस उप-महानिरीक्षक, कोशी क्षेत्र, सहरसा द्वारा उचित रूप से पुरस्कृत भी किया जाएगा।
पुलिस ने कहा कि “कोशी क्षेत्र पुलिस नशा मुक्ति के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आमजन के सहयोग से इस अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा।”






