सहरसा के पारा एथलीट मो. मेराज आलम को खेल कोटे से मिली सरकारी नौकरी, मेडल लाओ नौकरी पाओ योजना ने बदली तस्वीर

सिमरी बख्तियारपुर के आजाद नगर निवासी मेराज बने सहरसा समाहरणालय में निम्नवर्गीय लिपिक, खेल जगत में खुशी की लहर

सहरसा: कहते हैं कि पढ़ाई के बाद खेल भी सफलता की नई राह खोल सकता है। इसी को साबित करते हुए सहरसा जिले के पारा एथलेटिक्स खिलाड़ी मो. मेराज आलम ने जिले का नाम रोशन किया है। बिहार सरकार की “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” योजना के तहत उनके बेहतर खेल प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें सरकारी नौकरी दी गई है।

सिमरी बख्तियारपुर नगर क्षेत्र के आजाद नगर निवासी मो. समसुल हक के पुत्र मो. मेराज आलम को बिहार सरकार की ओर से सहरसा समाहरणालय में निम्नवर्गीय लिपिक (LDC) के पद पर नियुक्ति दी गई है। पटना में आयोजित खिलाड़ियों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मेराज आलम ने अपना नियुक्ति पत्र प्राप्त किया।


जिला एथलेटिक्स संघ सह जिला खेल संघ के सचिव रोशन सिंह धोनी ने मेराज की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सहरसा में बढ़ती खेल संस्कृति का परिचायक है। उन्होंने कहा कि पिछले 8 वर्षों से पारा एथलेटिक्स में लगातार बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेराज ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।


उन्होंने बताया कि “मेडल लाओ नौकरी पाओ” योजना के तहत सरकारी नौकरी पाने वाले मेराज सहरसा जिले के दूसरे खिलाड़ी हैं। इससे पहले सिमरी बख्तियारपुर की कुश्ती खिलाड़ी प्रीति कुमारी को भी खेल उपलब्धियों के आधार पर बिहार सरकार ने नौकरी दी थी।


रोशन सिंह धोनी ने कहा कि अब सहरसा के खिलाड़ियों में भी खेल के प्रति बेहतर माहौल बन रहा है। खेल के माध्यम से कई खिलाड़ियों ने सेना और बिहार पुलिस में भी नौकरी हासिल की है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बाद खेल ऐसा माध्यम है, जिसके जरिए युवा नशे से दूर रहकर अपने जीवन को बेहतर बना सकते हैं।


मेराज आलम की इस सफलता पर जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह, उपाध्यक्ष सैयद समी अहमद, कोषाध्यक्ष विप्लव रंजन, जिला टेबल टेनिस संघ अध्यक्ष विवेक विशाल, जिला फुटबॉल संघ सचिव मो. अशफाक आलम, जिला योग संघ सचिव अमन कुमार सिंह, जिला साइकलिंग संघ सचिव दर्शन कुमार गुड्डू, जिला तैराकी संघ सचिव चंदन कुमार, जिला हैंडबॉल संघ अध्यक्ष दिवाकर सिंह, जिला कबड्डी संघ सचिव सह वार्ड पार्षद आशीष रंजन सहित कोशी स्पोर्ट्स अकादमी के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने बधाई दी।



जिला एथलेटिक संघ सह खेल संघ के सचिव रोशन सिंह धोनी ने बताया कि मेराज आलम की सफलता जिले के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है और आने वाले समय में सहरसा से और भी खिलाड़ी खेल के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।

Related Posts

सहरसा में करंट लगने से दुकानदार की दर्दनाक मौत, मोटर का कनेक्शन देते समय हुआ हादसा

सहरसा में करंट लगने से दुकानदार की दर्दनाक मौत, मोटर का कनेक्शन देते समय हुआ हादसा

सहरसा में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से किसान की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

सहरसा में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से किसान की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *