36 घंटे में रूपेश साह हत्याकांड का खुलासा, प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह; दंपती गिरफ्तार

सहरसा। जिले के सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के मनोरी साह टोला में हुए चर्चित रूपेश साह हत्याकांड का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। रविवार को सिमरी बख्तियारपुर के एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने प्रेस वार्ता में बताया कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में अशोक साह उर्फ कैला (34 वर्ष) और उसकी पत्नी वीणा देवी को गिरफ्तार किया है। दोनों मनोरी वार्ड संख्या-06 के निवासी हैं और पूछताछ में हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर चुके हैं।



पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई की सुबह करीब पांच बजे रूपेश साह (पिता स्व. जुगेश्वरी साह) का शव उनके घर से लगभग 40 मीटर दूर स्थित गोशाला में मिला था। मृतक के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे तथा उनका मोबाइल फोन भी गायब था। घटना के बाद एफएसएल टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और सोनवर्षा राज थाना में अज्ञात के विरुद्ध कांड संख्या 145/26 दर्ज कर धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।



एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष अनुसंधान टीम ने मृतक के मोबाइल की सीडीआर, तकनीकी साक्ष्यों और परिस्थितिजन्य तथ्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपी अशोक साह उर्फ कैला की निशानदेही पर गांव से करीब एक किलोमीटर पूर्व चौड़ स्थित एक तालाब से मृतक का आधा टूटा और क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं है।



इस हत्याकांड के सफल उद्भेदन में सोनवर्षा राज थानाध्यक्ष नागमणि कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विवेक कुमार, राजा कुमार, राकेश कुमार शर्मा तथा थाना रिजर्व गार्ड के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Related Posts

सहरसा में करंट लगने से दुकानदार की दर्दनाक मौत, मोटर का कनेक्शन देते समय हुआ हादसा

सहरसा में करंट लगने से दुकानदार की दर्दनाक मौत, मोटर का कनेक्शन देते समय हुआ हादसा

सहरसा में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से किसान की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

सहरसा में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से किसान की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *