सहरसा में 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन तार के स्पार्क से 14 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत, परिवार ने बिजली विभाग से मुआवजे की मांग की

सहरसा: जिले के बसनहीं थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय छात्र की बिजली के हाईटेंशन तार के स्पार्क की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



मृतक की पहचान बसनहीं थाना क्षेत्र के अतलखा वार्ड संख्या-2 निवासी सूरज साह के 14 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई है। नीरज दो भाइयों में सबसे छोटा था और अतलखा मध्य विद्यालय में सातवीं कक्षा का छात्र था।


मृतक के पिता सूरज साह ने बताया कि उनके घर के ऊपर से 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार गुजरता है। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब छह माह पहले भी इसी तार से निकले स्पार्क की वजह से उनका एक मवेशी करंट की चपेट में आकर मर गया था। शनिवार सुबह नीरज घर के दरवाजे के पास टहल रहा था, तभी अचानक हाईटेंशन तार से निकला स्पार्क उसके शरीर पर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।



घटना की सूचना मिलते ही बसनहीं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।



बसनहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि करंट लगने से एक किशोर की मौत हुई है। पुलिस द्वारा आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।


घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार को उचित सरकारी मुआवजा एवं सहायता देने की मांग की है।

Related Posts

सहरसा में सेवानिवृत्त हेडमास्टर ने पड़ोसी पर लगाया धमकी और घर में पानी बहाने का आरोप, डीआईजी व हाईकोर्ट रजिस्ट्रार जनरल से लगाई गुहार

सहरसा में सेवानिवृत्त हेडमास्टर ने पड़ोसी पर लगाया धमकी और घर में पानी बहाने का आरोप, डीआईजी व हाईकोर्ट रजिस्ट्रार जनरल से लगाई गुहार

BJP नेता हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और एसआईटी गठन की मांग, सौंपा ज्ञापन

BJP नेता हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और एसआईटी गठन की मांग, सौंपा ज्ञापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *