अयोध्या चढावा चोरी के बाद सहरसा में दिनदहाड़े मंदिर में चोरी, हनुमान जी का मुकुट लेकर फरार हुए बदमाश; ग्रामीणों में आक्रोश

सहरसा सदर थाना क्षेत्र के पटुआहा गांव स्थित श्री श्री 108 मनोकामना हनुमान मंदिर में दिनदहाड़े चोरी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार सुबह दो युवकों ने पूजा करने के बहाने मंदिर में प्रवेश किया और भगवान बजरंगबली का मुकुट चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।


जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 7:45 बजे मंदिर के मुख्य पुजारी अवकाश पर थे। उनकी अनुपस्थिति में विभूति जी मंदिर में पूजा-अर्चना करा रहे थे। पूजा के बाद वह रोज की तरह स्नान करने चले गए। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक मंदिर पहुंचे।

एक युवक बाइक के पास बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा श्रद्धालु बनकर मंदिर के अंदर चला गया। मंदिर में किसी की मौजूदगी नहीं होने का फायदा उठाते हुए उसने भगवान हनुमान का मुकुट चुरा लिया और बाहर खड़े साथी के साथ मौके से फरार हो गया।



कुछ देर बाद जब विभूति जी वापस मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि भगवान का मुकुट गायब है। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जमा हो गए। घटना की जानकारी डायल-112 पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले में लिखित आवेदन देने की सलाह दी।



पीड़ित पक्ष ने उसी दिन सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज करा दी। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। उनका आरोप है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे।


फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया मुकुट बरामद करेगी।

— संवाददाता: इन्द्रदेव जी, सहरसा

Related Posts

सहरसा में सेवानिवृत्त हेडमास्टर ने पड़ोसी पर लगाया धमकी और घर में पानी बहाने का आरोप, डीआईजी व हाईकोर्ट रजिस्ट्रार जनरल से लगाई गुहार

सहरसा में सेवानिवृत्त हेडमास्टर ने पड़ोसी पर लगाया धमकी और घर में पानी बहाने का आरोप, डीआईजी व हाईकोर्ट रजिस्ट्रार जनरल से लगाई गुहार

BJP नेता हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और एसआईटी गठन की मांग, सौंपा ज्ञापन

BJP नेता हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और एसआईटी गठन की मांग, सौंपा ज्ञापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *