श्राद्ध के बीच मातम: 11 हजार वोल्ट की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

सहरसा। जिले के सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल अंतर्गत लगमा गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार में पहले से ही श्राद्ध कर्म चल रहा था, ऐसे में इस हादसे ने खुशियों की जगह मातम और गहरा कर दिया।


मृतका की पहचान चकवाड़ा पंचायत निवासी 45 वर्षीय देव दाय देवी, पति मनोज राम के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि देव दाय देवी धान की रोपाई के लिए अपने खेत गई थीं। खेत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के लटकते बिजली तार की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।



बताया जा रहा है कि परिवार में पहले से ही एक सदस्य के निधन के बाद श्राद्ध कर्म का अंतिम दिन चल रहा था। देर शाम तक देव दाय देवी के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद उनका शव खेत में पड़ा मिला। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सहरसा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा बिजली विभाग के खिलाफ फूट पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि 11 हजार वोल्ट का बिजली तार लंबे समय से नीचे लटका हुआ था और इसकी शिकायत कई बार विभाग को दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि विभाग की कथित लापरवाही के कारण एक महिला की जान चली गई।


ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने तथा मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Related Posts

BJP नेता हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और एसआईटी गठन की मांग, सौंपा ज्ञापन

BJP नेता हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और एसआईटी गठन की मांग, सौंपा ज्ञापन

सहरसा में कोसी का बढ़ता जलस्तर, घरों में घुसा बाढ़ का पानी; तटबंध पर शरण लेने को मजबूर ग्रामीण

सहरसा में कोसी का बढ़ता जलस्तर, घरों में घुसा बाढ़ का पानी; तटबंध पर शरण लेने को मजबूर ग्रामीण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *