सहरसा में किसान की पीट-पीटकर हत्या, दो महीने पुराने विवाद में आधी रात घर में घुसकर हमला; एक हिरासत में

सहरसा। जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र में दो महीने पुराने विवाद को लेकर एक किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।



मृतक की पहचान सलखुआ थाना क्षेत्र के उटेशरा वार्ड संख्या-3 निवासी जगदीश यादव के 45 वर्षीय पुत्र शत्रुघ्न यादव के रूप में हुई है। वह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। एक बेटे और बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटा अविवाहित है। पति की मौत के बाद पत्नी मीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।



मृतक के बेटे ने बताया कि करीब दो महीने पहले गांव के ही घनश्याम यादव के बेटे सचिन उर्फ बिट्टू से उनके पिता का विवाद हुआ था। आरोप है कि सचिन शराब के नशे में तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए निकला था, जिसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। बाद में पंचायत के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था और ₹50 हजार का बांड भरवाकर भविष्य में विवाद नहीं करने का आश्वासन लिया गया था।



परिजनों का आरोप है कि मंगलवार की रात करीब 12 बजे सचिन उर्फ बिट्टू अपने 9-10 साथियों के साथ शत्रुघ्न यादव के घर पहुंचा। उस समय शत्रुघ्न यादव और उनकी पत्नी घर में सो रहे थे। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें बिस्तर से नीचे उतारकर लाठी, रॉड और अन्य हथियारों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने गंभीर रूप से घायल शत्रुघ्न यादव को पहले सलखुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सहरसा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में रात करीब 3 बजे उनकी मौत हो गई।


घटना के बाद सहरसा सदर अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


इस संबंध में सलखुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच दो महीने पहले विवाद हुआ था, लेकिन उस समय थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया था। मंगलवार देर रात करीब 1 बजे घटना की सूचना मिली। मामले में घनश्याम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Related Posts

सहरसा में सेवानिवृत्त हेडमास्टर ने पड़ोसी पर लगाया धमकी और घर में पानी बहाने का आरोप, डीआईजी व हाईकोर्ट रजिस्ट्रार जनरल से लगाई गुहार

सहरसा में सेवानिवृत्त हेडमास्टर ने पड़ोसी पर लगाया धमकी और घर में पानी बहाने का आरोप, डीआईजी व हाईकोर्ट रजिस्ट्रार जनरल से लगाई गुहार

BJP नेता हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और एसआईटी गठन की मांग, सौंपा ज्ञापन

BJP नेता हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और एसआईटी गठन की मांग, सौंपा ज्ञापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *