सिमरी बख्तियारपुर में डॉक्टर के घर लाखों की चोरी, विरोध करने पर बेटे पर कट्टे की बट से हमला

शादी समारोह से लौटे बेटे ने चोरों का किया बहादुरी से सामना, बदमाश कट्टा और जिंदा कारतूस छोड़कर फरार; लाखों के जेवर व नकदी ले उड़े

सहरसा जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के कानू टोला (वार्ड संख्या-28) में सोमवार देर रात एक डॉक्टर के घर में लाखों रुपये की चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई। चोरी का विरोध करने पर बदमाशों ने गृहस्वामी के पुत्र पर देसी कट्टे की बट से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक का अनुमंडल अस्पताल में इलाज चल रहा है। हड़बड़ी में भागते समय बदमाश घटनास्थल पर अपना देसी कट्टा और जिंदा कारतूस छोड़ गए।



जानकारी के अनुसार, स्थानीय चिकित्सक डॉ. उमेश भगत के घर में रात करीब 2:30 बजे चोर घुस गए। उस समय परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में थे। आशंका है कि बदमाशों ने घर के लोगों पर किसी प्रकार के स्प्रे का इस्तेमाल किया था। चोरी की वारदात को अंजाम देकर जब चोर घर से निकल रहे थे, तभी डॉक्टर के 28 वर्षीय पुत्र ओमबाबू, जो एक शादी समारोह से लौट रहे थे, घर पहुंचे।


दरवाजा खुलवाने के दौरान उनकी नजर बाहर निकल रहे चोरों पर पड़ी। ओमबाबू ने साहस दिखाते हुए एक चोर को पकड़ लिया, जिसके बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। खुद को घिरता देख बदमाश ने देसी कट्टे की बट से ओमबाबू के सिर और चेहरे पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।



शोर-शराबा होने पर बदमाश घबरा गए और भागने के दौरान अपना देसी कट्टा तथा जिंदा कारतूस घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गए। हालांकि वे घर से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर भागने में सफल रहे। चोरी गए सामानों में डॉ. उमेश भगत की मुरलीगंज निवासी पुत्री, जो शादी समारोह में शामिल होने आई थीं, के कीमती जेवरात भी शामिल हैं। चोरी गई संपत्ति का आकलन किया जा रहा है।


घटना की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कट्टा व कारतूस जब्त कर लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।


शहर के बीचों-बीच हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने रात में पुलिस गश्त की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

About The Author

Related Posts

आनंद मोहन की रिहाई बरकरार रहने की कामना को लेकर सहरसा में समर्थकों ने की विशेष पूजा-अर्चना, सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले मंदिर में जुटे कार्यकर्ता

सहरसा में ऑपरेशन के दौरान 14 वर्षीय बच्ची की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप; सड़क जाम कर न्याय की मांग

सहरसा में ऑपरेशन के दौरान 14 वर्षीय बच्ची की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप; सड़क जाम कर न्याय की मांग

सहरसा में ऑपरेशन के दौरान 14 वर्षीय बच्ची की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप; सड़क जाम कर न्याय की मांग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *