मधेपुरा में तीन थानाध्यक्षों को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई, पुलिस लाइन में छलके आंसू

मधेपुरा। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले मधेपुरा जिले के तीन थानाध्यक्षों को शुक्रवार को पुलिस लाइन में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। अपने कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों को अंतिम सलाम देने के लिए पुलिस पदाधिकारी, जवान, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। पार्थिव शरीर पहुंचते ही पूरा पुलिस लाइन परिसर शोक और संवेदना से भर गया।



बताया गया कि बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में रतवारा थानाध्यक्ष सजन कुमार, अरार थानाध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र और बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार की मौत हो गई थी। इस हादसे में वाहन चालक की भी जान चली गई। सभी पुलिस अधिकारी पटना से प्रशिक्षण प्राप्त कर मधेपुरा लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक दुर्घटना हुई।



पोस्टमार्टम के बाद तीनों अधिकारियों के पार्थिव शरीर को मधेपुरा पुलिस लाइन लाया गया, जहां कोसी प्रक्षेत्र के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष, जिलाधिकारी अभिषेक रंजन, पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप सिंह समेत कई पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिस कांस्टेबलों ने भी अपने दिवंगत अधिकारियों को नम आंखों से अंतिम सलाम किया।


गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम सलामी

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद तीनों दिवंगत थानाध्यक्षों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ उनके पैतृक आवास के लिए रवाना किया गया। इस दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। उपस्थित अधिकारियों ने परिजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस मौके पर डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि यह केवल तीन अधिकारियों की नहीं, बल्कि पूरे पुलिस परिवार की अपूरणीय क्षति है। दुख की इस घड़ी में पूरा पुलिस महकमा शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ा है।

हादसे में दिवंगत रतवारा थानाध्यक्ष सजन कुमार रोहतास जिले के डेहरी-ऑन-सोन निवासी एवं 2018 बैच के अधिकारी थे। अरार थानाध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र कटिहार जिले के मनिहारी प्रखंड के आजमपुर गोला निवासी और वर्ष 2009 बैच के अधिकारी थे। बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार कैमूर जिले के निवासी तथा 2018 बैच के पुलिस पदाधिकारी थे। वहीं वाहन चालक उदाकिशुनगंज के रहने वाले थे।

तीनों अधिकारियों के असामयिक निधन से मधेपुरा जिला पुलिस बल में शोक की लहर है। उनके साथियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव को याद किया।

About The Author

Related Posts

आनंद मोहन की रिहाई बरकरार रहने की कामना को लेकर सहरसा में समर्थकों ने की विशेष पूजा-अर्चना, सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले मंदिर में जुटे कार्यकर्ता

सहरसा में ऑपरेशन के दौरान 14 वर्षीय बच्ची की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप; सड़क जाम कर न्याय की मांग

सहरसा में ऑपरेशन के दौरान 14 वर्षीय बच्ची की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप; सड़क जाम कर न्याय की मांग

सहरसा में ऑपरेशन के दौरान 14 वर्षीय बच्ची की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप; सड़क जाम कर न्याय की मांग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *