राजस्थान में मजदूरी करने गए सहरसा के 29 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, आठ दिन पहले हुआ था बेटे का जन्म

एंबुलेंस से गांव पहुंचा शव, पत्नी हुई बेसुध; दो बेटे और दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

सहरसा। जिले के सोनवर्षाराज प्रखंड अंतर्गत देहद पंचायत के मोहनपुर गांव निवासी 29 वर्षीय रणवीर सादा की राजस्थान में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार दोपहर एंबुलेंस से उनका शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


मृतक की पहचान स्वर्गीय रामप्रसाद सादा के पुत्र रणवीर सादा के रूप में हुई है। उनके पिता की करीब 19 वर्ष पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उनकी मां पंजाब के अंबाला में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। रणवीर दो भाइयों में छोटे थे।



जानकारी के अनुसार, करीब चार महीने पहले रणवीर गांव के ही विजय सादा, छोटू सादा और कैलाश सादा के साथ मजदूरी करने राजस्थान गए थे। वे मधेपुरा जिले के बेलोचामगढ़ गांव निवासी ठेकेदार संजीत कुमार सिंह के यहां काम कर रहे थे।



परिजनों और साथी मजदूरों के मुताबिक, बीते शनिवार को काम से छुट्टी मिलने के बाद रणवीर घूमने निकले थे। देर शाम जब वह डेरे पर लौटे तो गंभीर रूप से जख्मी थे। साथी मजदूर उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हालांकि, उनके जख्मी होने की वजह और घटना के वास्तविक कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।


सोमवार को शव गांव पहुंचते ही पत्नी नेहा देवी पति का शव देखकर बेसुध हो गईं। ग्रामीणों और परिजनों ने किसी तरह उन्हें संभाला। सबसे मार्मिक बात यह है कि रणवीर के सबसे छोटे बेटे का जन्म महज आठ दिन पहले हुआ था। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। नवजात बच्चे के जन्म की खुशियां अभी परिवार में ठीक से मनाई भी नहीं गई थीं कि घर में मातम छा गया।


इस संबंध में सोनवर्षाराज थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि राजस्थान में मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Posts

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *