रिश्तों की मिठास हो, अपनों का साथ हो,
हर चेहरे पर मुस्कान हो, हर घर में उजास हो।
दीपावली का असली संदेश भी यही है,
खुशियां तभी पूरी होती हैं, जब सबके हिस्से में प्रकाश हो।
इसी भावना के साथ सहरसा जिला प्रशासन ने गांधीपथ स्थित दलित बस्ती में दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार सहित जिले के कई वरीय अधिकारी बस्ती पहुंचे और बच्चों तथा स्थानीय लोगों के साथ त्योहार मनाया।
इस दौरान अधिकारियों ने बच्चों के साथ दीप जलाए, फुलझड़ियां छोड़ीं और मिठाइयां बांटीं। अधिकारियों को अपने बीच पाकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों के साथ अधिकारियों ने भी दीपावली का भरपूर आनंद लिया।
इस मौके पर जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि दलित बस्ती के बच्चों और स्थानीय लोगों के साथ दीपावली मनाने का अनुभव बेहद खास रहा। यहां आकर जो खुशी मिली, वह अन्य खुशियों से कहीं ज्यादा खुशनुमा थी। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ त्योहार मनाकर काफी आनंद आया।
डीएम ने जिलेवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी से प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। जिला प्रशासन की इस पहल ने सामाजिक समरसता और मिल-जुलकर खुशियां मनाने का संदेश दिया।






